रविवार, अगस्त 31, 2025

विद्यालयों में गूंजा उद्घोष – “हमारा विद्यालय, हमारा स्वाभिमान” शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लिया पंच संकल्प

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर दिनांक 01 सितम्बर 2025 को देशभर के विद्यालयों में
“हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” संकल्प कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर लाखों शिक्षक एवं करोड़ों विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रार्थना सभाओं में पाँच संकल्प लेकर एक स्वर में “हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” का उद्घोष किया और उसे आत्मसात किया।


प्रदेश इकाई के निर्देशानुसार जनपद देवरिया के 1298 परिषदीय विद्यालयों में भी यह कार्यक्रम उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें लगभग 4838 शिक्षक एवं 89737 विद्यार्थी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त निजी विद्यालयों में भी यह कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।


जिला संयोजक जयशिव प्रताप चन्द ने बताया कि विद्यालयों में लिया गया पंच संकल्प – स्वच्छता, अनुशासन, समय का सदुपयोग, चरित्र निर्माण, आत्म विकास, समाज सेवा, समरसता और राष्ट्र प्रेम – प्रत्येक विद्यार्थी व शिक्षक के हृदय में विद्यालय के प्रति तीर्थ का भाव जागृत करेगा। यह संकल्प विद्यालय और समाज के बीच जीवंत सेतु का कार्य करेंगे।


जिला सह-संयोजक विवेक मिश्र ने कहा कि जनपद में “हमारा विद्यालय – हमारा स्वाभिमान” कार्यक्रम जिस तरह से स्वतःस्फूर्त और सफलता पूर्वक संपन्न हुआ, वह संगठन द्वारा विगत तीन वर्षों से शिक्षा और शिक्षक हित में किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों का प्रतिफल है। विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा लिया गया साझा संकल्प विद्यालय एवं स्थानीय समुदाय के बीच सामुदायिक सहभागिता को और मजबूत करेगा।


कार्यक्रम संयोजक आशुतोष नाथ तिवारी के अनुसार यह संकल्प कार्यक्रम शिक्षा को न केवल उद्देश्यपूर्ण बनाएगा, बल्कि चरित्र निर्माण, व्यक्ति निर्माण एवं राष्ट्र पुनर्निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। विद्यार्थी व शिक्षक मिलकर शैक्षिक उन्नयन और राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।


कार्यक्रम की सफलता में जिला इकाई के आशुतोष चतुर्वेदी, सह-संयोजक अमृता मिश्र, राघवेन्द्र कुशवाहा, आशुतोष मिश्र ‘अमन’, जिला इकाई के अशोक तिवारी, शशांक मिश्र, गोविंद सिंह, प्रमोद कुशवाहा, नर्वदेश्वर मणि, ज्ञानेश यादव, शिखर शिवम, अभिषेक जायसवाल, रजनीकांत, वागीश मिश्र सहित सभी ब्लॉक इकाइयों एवं न्याय पंचायत प्रभारियों का सराहनीय योगदान रहा।

बुधवार, जुलाई 16, 2025

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ देवरिया ने विद्यालय युग्मन के खिलाफ दिया जिलाधिकारी को ज्ञापन

आज दिनांक 16 जुलाई 2025 को राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ देवरिया ने जिला संयोजक जयशिव प्रताप चंद के नेतृत्व में
जिलाधिकारी महोदया से मुलाकात की। संगठन ने अपने पूर्व पत्राचार का हवाला देते हुए बताया कि 50 से कम छात्रसंख्या वाले विद्यालयों को अन्य विद्यालयों में मर्ज कर दिया गया है, जिससे दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों, विशेष रूप से छात्राओं की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संगठन ने अनुरोध किया कि 50 से अधिक नामांकन वाले जिन विद्यालयों को भी अन्य स्कूलों में विलय किया गया है, उन्हें पुनः पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।

 14 जुलाई 2025 को मुख्यमंत्री जी द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश दिया गया था कि "जिन विद्यालयों में 50 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं, उन्हें स्वतंत्र विद्यालय के रूप में संचालित किया जाए"। इस निर्देश का अनुपालन जनपद देवरिया में भी सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि इस विलय नीति के कारण विशेष रूप से ग्रामीण, दलित, पिछड़े और बालिका शिक्षा प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों और मानक विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालन पर रोक लगाने तथा शिक्षकों को BLO ड्यूटी से मुक्त करने हेतु भी पत्रक दिया गया।

जिस पर जिलाधिकारी महोदया ने 50 से अधिक नामांकन वाले स्कूलों का युग्मन न किए जाने का अनुरोध करने पर सकारात्मक सहमति व्यक्त कीं और 50 से कम नामांकन वाले स्कूलों जिन स्कूलों का अव्यवहारिक युग्मन किया गया है उनका स्थलीय सत्यापन कर निस्तारित करने हेतु बीएसए से कहीं। साथ ही जिलाधिकारी महोदया ने बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों और मानक विहीन मान्यता प्राप्त स्कूलों की जांच एवं उचित कार्यवाही हेतु अपर जिलाधिकारी प्रशासन सर को निर्देशित कीं।

सोमवार, जुलाई 07, 2025

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में हजारों शिक्षकों ने युग्मन नीति के खिलाफ किया ज़बरदस्त प्रदर्शन

 शिक्षा सिर्फ किताबों और दीवारों तक सीमित नहीं होती, यह एक बच्चे का भविष्य, एक गाँव की आत्मा और पूरे

राष्ट्र की नींव होती है। लेकिन जब उस नींव को ही हिला देने वाला कोई फैसला हो, तो आवाज़ उठना स्वाभाविक है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे विद्यालय युग्मन (पेयरिंग) के फैसले ने प्रदेशभर के शिक्षकों को झकझोर कर रख दिया है।

इसी क्रम में आज देवरिया ज़िले में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के नेतृत्व में हजारों शिक्षकों ने युग्मन नीति के खिलाफ ज़बरदस्त प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां, आँखों में चिंता और दिल में विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर आक्रोश—यह प्रदर्शन सिर्फ एक विरोध नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों की पुकार थी।

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया

बीएसए कार्यालय से शुरू हुआ यह विरोध मार्च नारेबाजी के साथ जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुँचा, जहाँ शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। महासंघ के ज़िला संयोजक जयशिव प्रताप चंद ने कहा कि यह ज्ञापन केवल शिक्षकों का नहीं, बल्कि उन बच्चों का प्रतिनिधित्व करता है जिनकी शिक्षा इस नीति से बुरी तरह प्रभावित होगी।

उन्होंने कहा, “बिना भौतिक सर्वेक्षण, ग्राम सभा और SMC की सहमति के युग्मन का यह निर्णय न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है, बल्कि ग्रामीण व गरीब छात्रों के शिक्षा के अधिकार के साथ अन्याय है।”

शिक्षकों का गुस्सा फूटा — “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं”

जिला सहसंयोजक विवेक मिश्रा ने कहा, “इस प्रकार का मनमाना आदेश शिक्षक समाज को स्वीकार नहीं है। यदि अब आवाज़ नहीं उठाई गई, तो भविष्य में नौकरियों पर भी संकट आ सकता है।“

गोविन्द सिंह ने इसे आरटीई एक्ट 2009 के खिलाफ बताते हुए कहा, “विद्यालय केवल भवन नहीं होते, वे गाँव की आत्मा होते हैं। बच्चियाँ जो पहले विद्यालय जाती थीं, वे दूरी बढ़ने पर पढ़ाई से वंचित हो जाएँगी।”

अशोक तिवारी ने प्रशासन की अनदेखी पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा, “छात्र संख्या में पहले से ही बढ़ोत्तरी हो रही है। अप्रैल 2025 की संख्या के आधार पर युग्मन करना अव्यवहारिक है, जबकि सितंबर 2025 तक का समय दिया जाना चाहिए।”

आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा, “दूरी बढ़ने से ड्रॉपआउट की दर बढ़ेगी और पोषण, स्वास्थ्य, व उपस्थिति पर भी गहरा असर पड़ेगा। हम समावेशी शिक्षा चाहते हैं, अलगाव नहीं।”

एकजुट हुआ शिक्षक समाज — महिला शिक्षक संघ, अनुदेशक संघ सहित कई संगठन शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में अनुदेशक संघ, शिक्षामित्र संघ, महिला शिक्षक संघ और अटेवा जैसे कई संगठनों ने हिस्सा लिया। मंच से विज्ञान सिंह, नीलम सिंह, मदन पटेल, अभिषेक गुप्ता और जय सिंह यादव ने शिक्षकों की भावनाओं को स्वर देते हुए सरकार से युग्मन नीति वापस लेने की माँग की।

हज़ारों की संख्या में जुटे शिक्षक

इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ज़िला और ब्लॉक इकाईयों के हज़ारों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। प्रदर्शन में सत्यप्रकाश त्रिपाठी, आशुतोष नाथ तिवारी, शशांक मिश्र, ज्ञानेश यादव, प्रमोद कुशवाहा, वागीश दत्त मिश्र समेत अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

ब्लॉक स्तर से भी जितेन्द्र साहू, देवेन्द्र सिंह, एहसान उल हक, वीरेन्द्र यादव, संतोष त्रिपाठी समेत समस्त संयोजकों ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई।

रविवार, जुलाई 06, 2025

आज 7 जुलाई को युग्मन के विरोध में ज्ञापन देगा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ

आज 7 जुलाई  2025 को विद्यालय युग्मन के खिलाफ राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, देवरिया ने विरोध स्वरूप ज्ञापन का
कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे से रखा है . जिला संयोजक जय शिवप्रताप चंद ने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवरिया के कार्यालय पर एकत्र हो कर शांतिपूर्ण तरीके से जिलाधिकारी कार्यालय तक जायेंगे और वहां जिलाधिकारी महोदय को माननीय मुख्यमंत्री महोदय को संबोधित ज्ञापन सौपेंगे. 

उन्होंने समस्त अध्यापकों एवं संगठनों का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा के अस्तित्व को बचाने के लिए, अपने सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के रोजगार के लिए हम सभी को एक स्वर में आज आवाज बुलन्द करनी है..

🗓 दिनांक : 07-07-2025
🕝 समय : 02:30 बजे
📍 स्थान : बीएसए कार्यालय, देवरिया

बुधवार, मई 14, 2025

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की ब्लॉक इकाई भाटपाररानी का हुआ गठन,संतोष गुप्ता बने ब्लॉक संयोजक

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ देवरिया के तत्वाधान में 14 मई 2025, दिन बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र भाटपार रानी में गठन किया गया । कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि से हुई। इसके बाद जनपद व ब्लॉक इकाई के समस्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण व बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला संयोजक जय शिव प्रताप चन्द ने कहा कि जनपद की शिक्षक राजनीति में
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एक संवेदनशील, स्वस्फूर्त,सजग व सक्रिय संगठन के रूप में अलग पहचान रखता है। भाटपार रानी में गठन के साथ जनपद के सभी 16 ब्लॉक में अपनी सक्रिय इकाइयों को स्थापित करने वाला इकलौता संगठन है। भाटपार रानी के शिक्षकों के सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

जिला सह संयोजक विवेक कुमार मिश्र ने कहा कि आज पूरे जनपद में अल्प अवधि में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने शिक्षकों का जो भरोसा जीता है उसके जड़ में संगठन का आंतरिक लोकतंत्र, प्रतिबद्धता व निर्भीकता है जो हमें अन्य संगठनों के कार्यशैली से अलग करती है। 

जिला कोर कमेटी के सदस्य गोविन्द सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा शिक्षकों के उत्पीड़न के विरुद्ध प्रभावी व त्वरित मोर्चा खोलकर शिक्षक सम्मान की बहाली की एक मजबूत इबारत राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने लिखी है ।

जिला कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य अशोक तिवारी द्वारा नव गठित ब्लॉक इकाई की घोषणा व शपथ ग्रहण की कार्यवाही संपादित कराई गई।

भाटपार रानी के नव मनोनीत पदाधिकारी क्रमशः संतोष कुमार गुप्ता संयोजक, ऋषिकेश कुमार सिंह,संजय यादव, बृजेश मणि (सह संयोजक), अर्पण भारती (मीडिया प्रभारी), 

सूरज गुप्ता (सह मीडिया प्रभारी),

संदीप कुमार (सदस्यता प्रमुख), नासिर अली सिद्दीकी (सह सदस्यता प्रमुख)सर्वसम्मति से घोषित किए गए।

ब्लॉक संयोजक संतोष कुमार गुप्ता व सह संयोजक ऋषिकेश सिंह द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त शिक्षकों व शिक्षक पदाधिकारियो के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए ब्लाक के शिक्षकों के हितों के लिए संगठन के साथ निष्ठा से काम करने का आश्वासन दिया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम के समापन की औपचारिक घोषणा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक जयशिव प्रताप चंद व संचालन जिला कोर कमेटी के सदस्य नर्वदेश्वर मणि ने किया।

       इस अवसर पर जिला कोर समिति के समस्त सदस्य, समस्त ब्लॉक इकाईयों के पदाधिकारीगण सहित भाटपार रानी के आलोक सिंह, अरविन्द सिंह, सरवरे आलम, वरुणेश मिश्रा,अशोक यादव, वेदप्रकाश, जितेंद्र पान्डेय, विजय दूबे, संदीप कुशवाहा,पीयूष कुमार, नागेन्द्र कुमार, सईद अहमद, उदय गुप्ता, अमीरी लाल, गणपति, ऊषा मिश्रा, माधुरी पाण्डेय, प्रेमलता यादव, वीणा श्रीवास्तव सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित थे।